हांसी शहर के लिए आफत बनी सीजन की दूसरी बरसात

 




एक दर्जन से अधिक कॉलोनियां जलमग्न, शहर का बाहरी हिस्सा झील में

तब्दील

दुकानों में घुसा पानी, ओवरफ्लो सीवरेज ने बढ़ाई परेशानी

हांसी, 08 अगस्त (हि.स.)। शहर में शनिवार सुबह मानसून सीजन की दूसरी

बरसात ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। शुक्रवार रात और

शनिवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद शहर की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियां जलमग्न हो गईं।

अनेक गलियों में घुटनों तक पानी भर गया, जबकि शहर का बाहरी हिस्सा बारिश के पानी से

झील में तब्दील नजर आया। कई स्थानों पर सड़क और नालियों का अंतर तक दिखाई नहीं दिया।

दुकानों के अंदर पानी घुसने से दुकानदारों को सामान बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

वहीं ओवरफ्लो सीवरेज ने स्थिति को और विकट बना दिया।

सुबह के समय बारिश होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और उनके

अभिभावकों को उठानी पड़ी। जलभराव के बीच बच्चों को स्कूल भेजना अभिभावकों के लिए किसी

चुनौती से कम नहीं रहा। कई अभिभावक बच्चों को पानी भरी सड़कों से निकालकर स्कूल तक

पहुंचाने को मजबूर हुए। दोपहिया वाहन चालकों को भी जलभराव वाले रास्तों से गुजरते समय

काफी सावधानी बरतनी पड़ी।

बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही।

शहर की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में गलियां और सड़कें पानी से भर गईं। कई जगह पानी

लोगों के घरों और दुकानों के सामने तक पहुंच गया। लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने

के लिए भी जलभराव के बीच रास्ता बनाना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही हर साल शहर में

जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

बारिश के कुछ ही घंटों में यदि शहर की गलियां और सड़कें पानी में डूब जाती हैं तो इससे

जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।जलभराव का असर बाजारों

पर भी पड़ा। कई दुकानों के बाहर पानी जमा होने के बाद पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच

गया। दुकानदारों को सामान को सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर