जींद : प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात होंगे पांच हजार पुलिस कर्मी
जींद, 13 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 जुलाई को प्रस्तावित दौरान जींद के लिए गौरव और गरिमा का अवसर है। हरियाणा पुलिस ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी मुस्तैदी से तैयारी की है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा, उनके रूट, पब्लिक मीटिंग स्थल और हेलीपैड की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए आईपीएस रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित करीब 50 एचपीएस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कुल मिला कर 4800 से पांच हजार तक पुलिस कर्मी तैनात किए जा रहे हैं। बाहरी जिलों से भी जवानों को बुलाया गया है। 17 जुलाई के दिन ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सख्ती बरती जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। अनावश्यक वाहनों का इस्तेमाल न करें। प्रधानमंत्री के रूट पर दुकानें खुली रह सकती हैं लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि हेलीपैड की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की गई है। एक आईपीएस अधिकारी की सीधी निगरानी में हेलीपैड क्षेत्र को सिक्योर किया गया है। रूट की जानकारी सुरक्षा कारणों से पूरी तरह सार्वजनिक नहीं की जा रही हैए लेकिन मुख्य रूट पर पहले से ही कम्युनिकेशन और व्यवस्था कर ली गई है। एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने वाला मार्ग 17 जुलाई की सुबह आठ बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार उनके आगमन से करीब 20 मिनट पहले सुरक्षा कारणों से संबंधित सड़क को अस्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा।
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री का काफिला सुरक्षित रूप से निकलने के बाद मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं और पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें तथा निर्धारित यातायात नियमों और डायवर्जन का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा