जींद : मुख्यमंत्री नायब सैनी करोडों की सौगातें देकर हरियाणा के दिल का रखेंगे विशेष ख्याल : डा. कृष्ण मिड्ढा

 


जींद, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि आगामी पांच अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में होने वाली विकास रैली ऐतिहासिक होगी। यह रैली जींद के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री इस अवसर पर कई नई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और जिले को करोडों रुपये की बड़ी सौगातें देंगे।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा गुरूवार को पांच अप्रैल को आयोजित विकास रैली को लेकर रैली स्थल का निरीक्षण किया। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जींद को हरियाणा का दिल कहा जाता है और मुख्यमंत्री का आगमन इस दिल को और मजबूत बनाने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बड़ी संख्या में लोग रैली में पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री को सुनने के लिए उत्साहित हैं। यह रैली विधानसभा स्तर पर अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा कि जींद की जनता ने हाल के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को पांच में से चार सीटें देकर रिकॉर्ड बनाया है। जिसके लिए मुख्यमंत्री स्वयं जनता का आभार व्यक्त करने आ रहे हैं। साथ ही वे करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा भी करेंगे। जिससे क्षेत्र में तेजी से विकास होगा। रैली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डा. मिड्ढा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं। सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और किसी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना नहीं है। हजारों लोगों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होने कहा कि रैली लगभग आठ एकड़ क्षेत्र में आयोजित की जाएगी। गांवों के दौरे पूरे हो चुके हैं और शहर में भी वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान जारी है। बाजारों में भी लगातार जनसभाएं की जा रही हैं। जिससे लोगों में रैली को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा