जींद : आगामी वर्ष में मिलेगा बडौदी जलघर से शहर को भाखडा का नीला पानी

 


जींद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जींद शहर में नहरी पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गांव बडौदी में निर्माणाधीन जलघर प्रोजेक्ट का कार्य जोरों पर चला हुआ है। इसके चलते जींद शहरवासियों को वर्ष 2027 की शुरूआत में ही भाखडा नहर का नीला पानी मिलना शुरू हो जाएगा। लगभग 75 प्रतिशत तक कार्य पूरा हो चुका है। इसे लेकर डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा लगातार नजर रखे हुए हैं। डिप्टी स्पीकर ने स्पष्ट किया कि इतने बड़े प्रोजेक्ट के सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से करवाए जा रहे हैं।

लगभग 41 एकड़ भूमि पर निर्माण किए जा रहे जलघर का 75 प्रतिशत कार्य पूरा

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव बडौदी में लगभग 41 एकड़ भूमि पर जींद शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए जलघर का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले बडौदी जलघर प्रोजेक्ट में करीब 90 करोड़ रुपये जलघर के निर्माण पर तथा लगभग 80 करोड़ रुपये जींद शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन एवं 18 बूस्टरों के निर्माण पर खर्च किए जा रहे हें।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि गांव बड़ौदी में प्रदेश के सबसे बड़े वाटर वक्र्स में शामिल इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरी गति से चल रहा है। वाटर वक्र्स के साथ-साथ आवश्यक पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने से जींद शहर को न केवल पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा बल्कि आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी के अनुरूप पेयजल व्यवस्था को भी मजबूत आधार मिलेगा।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जींद शहर की पेयजल व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करने के लिए बड़ौदी में लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा वाटर वक्र्स एक ऐतिहासिक परियोजना है। परियोजना के पूरा होने के बाद जींद शहरवासियों को भाखड़ा का स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण नीला पानी उपलब्ध होगा और आगामी लगभग 50 वर्षों तक शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा