जींद : डिप्टी स्पीकर ने परिवार सहित दक्षिण अफ्रीका में मनाया प्रधानमंत्री का जन्मदिन

 


जींद, 17 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने केपटाउन (दक्षिण अफ्रीका) में गुरूवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर उनके बेटे रिषि मिड्ढा और पुत्रवधू प्रियंका भी मौजूद रहे। भव्य होटल लॉबी में आयोजित इस कार्यक्रम में डा. मिड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर को हाथ में थामा और केक काट कर जन्मदिन मनाया। उन्होंने परिवार के साथ इस खास पल को यादगार बनाया।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व ने वैश्विक मंच पर भारत का कद मजबूत किया है। आज दुनिया के बड़े फैसले लेते समय भारत की राय को महत्वपूर्ण माना जाता है। धारा 370 हटाना और राम मंदिर निर्माण जैसे दशकों पुराने मुद्दों पर कड़े और ऐतिहासिक फैसले लेने का श्रेय उनके मजबूत राजनीतिक संकल्प को दिया जाता है। आयुष्मान भारत योजना से देश के करोड़ों गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देकर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की।

पीएम आवास और उज्ज्वला योजना से करोड़ों गरीबों को पक्के मकान और महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर उनके जीवन स्तर को सुधारा है। जनधन खातों और डीबीटी (डायरेक्ट बैनिफिट ट्रांसफर) के जरिये सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। जिससे बिचौलियों का भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। डा. मिड्ढा ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है। रक्षा क्षेत्र व मैन्युफैक्चरिंग में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेक इन इंडिया को बढ़ावा दिया गया है।

गौरतलब हे कि दक्षिण अफ्रीका की राजधानी केप टाउन में 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा की ओर से संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था व जनप्रतिनिधियों से जुड़े विषयों पर भागीदारी दर्ज कराई गई है। सम्मेलन में भाग लेने के लिए जींद विधायक एवं हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा भी गए हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा