जींद : महिला की हत्या कर आठ लाख 70 हजार रुपये व जेवरात लूटने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जींद, 19 नवंबर (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ में 16 नवंबर को महिला की हत्या कर घर से नकदी और सोने व चांदी के जेवरात लूटने के मामले में जींद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान गांव फतेहगढ़ निवासी शिवकुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है। डिटेक्टिव स्टाफ जींद और थाना जुलाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार काे तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपित को जींद क्षेत्र से काबू किया है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि गांव फतेहगढ़ निवासी रिषिराम की पत्नी सुमन घर पर अकेली थी। परिजनों को सूचना मिली कि सुमन घर में बेहोशी की हालत में पड़ी है। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने घर में सामान की जांच की तो करीब आठ लाख 70 हजार रुपये की नकदी और सोने व चांदी के जेवरात गायब मिले। मृतका के पति की शिकायत पर थाना जुलाना में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिटेक्टिव स्टाफ और थाना जुलाना पुलिस की टीमों का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपित की पहचान की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान आरोपित शिवकुमार उर्फ मोनू के जींद क्षेत्र में आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है। अब उससे वारदात में लूटी गई नकदी और जेवरात की बरामदगी के साथ-साथ हत्या और लूटपाट से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा