जींद : अलग-अलग सड़क हादसों में छात्रा समेत तीन की मौत, दो छात्राएं घायल

 




जींद, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में एक छात्रा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो छात्राएं घायल हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सांैप दिया है। शिकायतों के आधार पुलिस ने फरार वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गावं बड़ौद निवासी शुभम (20) सफीदों के जींद रोड पर पेट्रोल पंप पर सेल्जमेन का कार्य करता था। सोमवार रात को शुभम अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। गांव सरनाखेड़ी ड्रेन के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिसमें शुभम की मौत हो गई। उधर, गांव लिजवाना कलां निवासी 21 वर्षीय स्वीटी अपनी हम उम्र सहेली मानसी, आंचल के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव लाखन माजरा कालेज में पढऩे जा रही थी।

गांव ब्राह्मणवास के निकट रोहतक की तरफ से आ रहे वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसमें तीनों घायल हो गई। राहगीरों ने तीनों को सीएचसी जुलाना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने स्वीटी तथा मानसी की गंभीर हालात देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान स्वीटी की मौत हो गई। वहीं गांव रामराये निवासी सुरेश (40) तथा उसका भतीजा संदीप सोमवार रात को खेत में गए हुए थे।

जब वे वापस घर लौट रहे थे तो पीछे से आ रही तेजरफ्तार क्रेटा कार ने सुरेश को टक्कर मार दी। जिसमें सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा सुरेश को नागारिक अस्पताल लाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा