जींद : कंटेनर से 86 कटड़े बरामद, चालक तथा क्लीनर काबू
जींद, 03 सितंबर (हि.स.)। गांव बनियाखेड़ा टोल के निकट दिल्ली-कटरा नेशनल हाइवे पर गुुरुवार काे पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने बंद बॉडी कंटेनर से 86 कटड़ों को बरामद किया है। क्षमता से अधिक पशु लोड पाए जाने के कारण पशुओं की हालत दयनीय हो चुकी थी। पुलिस ने कंटेनर सवार दो लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस गांव बनियाखेड़ा टोल के पास दिल्ली-कटरा नेशनल हाइवे पर वाहनों पर नजर रखे हुई थी। उसी दौरान पुलिस ने सामने से आ रहे कंटेनर को रूकवा कर तलाशी ली। जांचने पर उसमें 86 कटड़े ठूंस-ठूंस कर भरे पाए गए। क्षमता से अधिक भरे जाने के कारण कटड़ों की हालात दयनीय हो चुकी थी। उनके चारे तथा पानी का भी कोई प्रबंध नहीं था। ट्रक सवार लोगों से कटड़ों से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह दिखाने में नाकाम रहे।
पुलिस पूछताछ में ट्रक सवार लोगों की पहचान चालक गांव नंगल फतेहबाद निवासी अमरजीत तथा क्लीनर की पहचान गांव नगंल के ही पहलवान के रूप में हुई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने चालक अमरजीत तथा क्लीनर पहलवान के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरूवार को पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी सुखबीर ने बताया कि कंटेनर से बरामद हुए कटडों को गौशाला में छोड़ दिया गया है। दोनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा