जींद : आर्मी में आर्डिनरी लेफ्टिनेंट बनवाने का झांसा दे तीन लाख ठगे

 


जींद, 28 जुलाई (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने छुट्टी आए फौजी से साइबर ठगों द्वारा आर्डिनरी लेफ्टिनेंट बनवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठगने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव खटकड़ निवासी वजीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आर्मी में डयूटीरत है। फिलहाल वह छुट्टी आया हुआ है। गत 22 जुलाई को उसके पास जानकार सुबेदार हेमराज की मोबाइल पर कॉल आई। जिसने बताया कि उसकी सुबेदार मनजीत से बातचीत हुई है। जिसने तीन लाख रुपये में आर्डिनरी लेफ्टिनेंट बनवाने की बात कही है। उसने भी तीन लाख रुपये मनजीत को दिए हैं। उसने सुबेदार मनजीत को आपका नंबर दिया है। कुछ देर के बाद मनजीत सुबेदार के अलग-अलग नंबरों से काल आई।

बातचीत होने पर उसने आर्डिनरी लेफ्टिनेंट बनवाने के बारे में कहा और साथ ही उसने अपना बैंक खाता भी भेज दिया। जिसके बाद उसने दिए गए खाते में 22 तथा 23 जुलाई को तीन लाख रुपये एनएफटी के माध्यम से डलवा दिए। गत 24 जुलाई को उसके फोन पर मनजीत की फिर से व्हाटसअप कॉल आई। जिसने एक लाख रुपये की और डिमांड की। साथ आरोपित ने रुपयों को लेकर दबाव बनाने लगा। जिस पर उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ। मंगलवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने वजीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा