जींद : खंभा गिरने से घायल किशोर ने दम तोड़ा
जींद, 25 जुलाई (हि.स.)। गांव ढाठरथ से खेडी रोड पर बिजली का पोल गिरने से घायल हुए किशोर ने पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक बच्चे के चाचा की शिकायत पर अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सिंघाना निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ जुलाई को वह अपने परिवार के साथ गांव रायचंदवाला भात भरने गए हुए थे। शाम को वे दो बाइकों पर घर लौट रहे थे। उसका भतीजा अंकित (14) रिश्तेदार राजेश के साथ बाइक पर सवार था। गांव ढाठरथ से खेड़ी रोड पर अचानक सड़क किनारे खड़ा बिजली का पोल राजेश वाली बाइक पर जा गिरा। जिसमें उसकी भतीजा अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पहले जींद के निजी अस्पताल लाया गया। बाद में उसे कल्पना चावला अस्पताल करनाल ले जाया गया। हालात में सुधार न होने पर अंकि त का पीजीआई रोहतक ले जाया गया। जहां पर गत दिवस उपचार के दौरान अंकित ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। कुलदीप ने आरोप लगाया कि बिजली पोल लगाने वाले ठेकेदार की लापरवाही के कारण उसके भतीजे अंकित की मौत हुई है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक किशोर के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात बिजली ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि मृतक बच्चे की चाचा ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। मामला दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा