जींद : नरवाना से अपहृत दो दोस्त टोहाना से छुड़वाए, तीन बदमाश गिरफ्तार

 


जींद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सीआईए स्टाफ तथा शहर थाना नरवाना पुलिस ने संयुक्त कारवाई कर नरवाना से अपहृत किए गए दो दोस्तों को टोहाना से बरामद कर लिया। पुलिस ने तीन बदमाशों को काबू कर उनके कब्जे से छीनी गई गाड़ी को बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि रविवार रात को सूचना मिली थी कि धर्म सिंह कालोनी निवासी अमित तथा उसके दोस्त बृजेश का अपहरण लिया है। बदमाश उनकी गाड़ी को भी अपने साथ ले गए हैं। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ नरवाना तथा शहर थाना पुलिस ने टोहाना इलाके में कारवाई करते हुए अमित तथा उसके दोस्त बृजेश को बरामद कर मौके से तीन अपहरणकर्ताओ को गिरफ्तार किया। जबकि कुछ फरार होने में कामयाब हो गए। पकड़े गए बदमाशों की पहचान हरपाल चौक टोहाना निवासी अरमान, गीता कालोनी टोहाना निवासी साहिल तथा जस्सा के रूप में हुई है।

पुलिस ने अमित की शिकायत पर अरमान, साहिल, जस्सा, करमा व संजीव को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ अपहरण करने, मारपीट करने, गाड़ी छीनने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। धर्म सिंह कालोनी निवासी अमित ने बताया कि वह अपने दोस्त बृजेश के साथ रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन पर छोडऩे गए हुए थे। उसी दौरान टोहाना निवासी अरमान की कॉल आई और उसने अरमान को कल बात करने के लिए कहा।

दोबारा फोन आने पर बृजेश ने उसे उठा लिया। जिसके बाद उनकी गाली गलौज हो गई। जब एक दुकान से सामान खरीद रहे थे तो अरमान तथा उसके साथी स्कार्पियो गाड़ी से पहुंचे और उनसे गाड़ी की चाबी छीन ली। जिसके बाद आरोपितों ने उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में डाल लिया और टोहाना पशु डेयरी में ले गए। जहां पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा