जींद : स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर छह महिलाओं समेत 11 को किया काबू

 


जींद, 18 नवंबर (हि.स.)। सफीदों रोड के निकट स्पा सेंटर पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने छापेमारी कर वेश्यावृत्ति करते हुए बुधवार काे छह महिलाओं को हिरासत में लिया। महिलाओं को काम का झांसा देकर वेश्यावृत्ति करवाई जा रही थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्पा सेंटर संचालक समेत 13 लोगों के खिलाफ वेश्यावृति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सफीदों रोड ओवरब्रिज के निकट स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार करवाया जाता है। जिसके आधार डीएसपी रिषभ सोढ़ी के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। जिसमें सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार तथा महिला थाना प्रभारी पूजा को शामिल किया गया। पुलिस ने फर्जी ग्राहक बना कर स्पा सेंटर में भेजा। रेट तय होने के साथ इशारा मिलते ही टीम ने स्पा सेंटर पर दस्तक दी। तलाशी लेने पर वहां बने कैबिनों में चार महिलाएं , चार युवकों के साथ आपत्तिजनक हालात में मिली। जबकि दो अन्य महिला भी वहां पर मौजद थी। पुलिस पूछताछ में मौके से पकड़े गए लोगों की पहचान स्पा सेंटर के मैनेजर रवि वर्मा, आशीष, सुमित, विनोद, गोदिया के रूप में हुई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्पा सेंटर के मालिक मोनू, दीपक मैनेजर, रवि व पकड़े गए लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि स्पा सेंटर से बरामद हुई महिलाएं रोहतक, यूपी तथा दिल्ली की रहने वाली है। महिलाओं को होटल में काम दिलाने को झांसा देकर स्पा सेंटर पर लाया गया था। स्पा सेंटर संचालक समेत 13 लोगों के खिलाफ वेश्यावृत्ति निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा