जींद : सड़क हादसों में ट्रक चालक सहित तीन लोगों की मौत
जींद, 02 नवंबर (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हुए सड़क हादसों में ट्रक चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
आर्दश नगर सवाई माधोपुर निवासी मोहमद आरिफ खान गोबिंदगढ़ (पंजाब) से ट्रक में लोहा भर कर नेशनल हाइवे 152डी पर जयपुर जा रहा था। गांव चाबरी टोल प्लाजा के निकट ट्रक के आगे चल रहे ट्राले ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे मोहम्मद आरिफ का ट्रक ट्राले के पीछे जा भिड़ा। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक ट्राले को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
राहगीरों ने आरिफ को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई तारिफ खान की शिकायत पर फरार ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, गांव छात्तर निवासी प्रवीण (19) बाइक पर सवार होकर अपने चाचा सुरेंद्र को लेने के लिए गांव झांज कलां की तरफ आ रहा था। गांव कुचराना कलां के निकट बने ब्रेकर पर उसकी बाइक उछल गई। जिसमें नीचे गिर कर प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गांव न्यौत (सोनीपत) निवासी अजय सफीदों से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जब वह पानीपत रोड पर पहुंचा तो पीछे से आ रही तेजरफ्तार कंबाइन ने अजय की बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें अजय को गंभीर चोटें आई। आसपास के लोगों ने अजय को नागरिक अस्पताल सफीदों पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मृतक के भाई के भाई राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई फाइनेंस कंपनी में काम करता था। डयूटी कर वह घर लौट रहा था। रास्ते में हादसा हो गया। शहर थाना सफीदों पुलिस ने राहुल की शिकायत पर फरार कंबाइन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा