जींद : करंट लगने से मिस्त्री की मौत
जींद, 06 अप्रैल (हि.स.)। गांव रामराये में दुकान पर काम करते समय करंट लगने से मिस्त्री की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।गांव रामराये निवासी 26 वर्षीय आसीन उर्फ शेखू गांव में ही चार-पांच सालों से बिजली उपकरण रिपेयर की दुकान चलाता था। रविवार शाम को वह दुकान पर मोटर ठीक कर रहा था।
इसी दौरान अचानक उसको करंट लग गया। जिससे वह बेसुध हो गया। घटना का जैसे ही आसपास के लोगों को पता चला तो वो तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। जिस पर परिजनों द्वारा तुरंत उसे उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सोमवार को नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोमवार को काफी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल परिसर में पहुंचे और मृतक परिवार को सांत्वना दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा