जींद : बेटे की गिरफ्तारी का डर दिखाकर एक लाख ठगने के दो आरोपित गिरफ्तार

 


जींद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने बेटे को क्राइम ब्रांच द्वारा पकड़े जाने तथा उसे केस से छुडाने के नाम पर एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपितों से अन्य आरोपितों के बारे में पूछताछ कर रही है।

थाना साइबर क्राइम जींद के प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गांव रूपगढ़ निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डयूटी पर था और तभी उसे उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सअप कॉल आई कि आपके बेटे के किसी दोस्त ने उसके बेटे का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया है और क्राइम ब्रांच ने उसके बेटे को भी पकड़ लिया है। आरोपित ने उसके बेटे को केस से छुड़ाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की। आरोपितों ने उसको दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। घबराहट में आकर बताए गए दोनों नंबरों पर उसने तुरंत फोन पे के माध्यम से कुल एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद जब उसने अपने बेटे से बात करवाने के लिए कहा तो उन्होंने एक व्यक्ति से उसकी बात करवाई। आवाज सुन कर उसको संदेह हुआ कि वह उसके बेटे की आवाज नही है। इसके बाद उसने अपने बेटे के वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि उसका बेटा ड्यूटी पर है। साइबर थाना पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राहुल, ओमप्रकाश व हरकेश को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि उनके साथ गांव बेरवा जुलेड़ा (राजस्थान) निवासी चेतराम, गांव बकेडा (राजस्थान) निवासी ओमप्रकाश भी शामिल थे। जिस पर पुलिस ने दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार करके आरोपितों कि निशानदेही पर प्रत्येक से एक-एक हजार रुपये सहित कुल दो हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा