हिसार : एचएसबी के एमबीए विद्यार्थी राहुल को स्टार्टअप हरियाणा से 8.5 लाख रुपये की फंडिंग

 


राष्ट्र निर्माण

की दिशा में गुजविप्रौवि के उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र का परिणाम

हिसार, 20 फरवरी

(हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हरियाणा स्कूल

ऑफ बिजनेस (एचएसबी) के प्रथम वर्ष के एमबीए विद्यार्थी राहुल ने उद्यमिता के क्षेत्र

में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अपने स्टार्टअप के लिए स्टार्टअप हरियाणा, उद्योग

एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा सरकार से 8.5 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त की

है।

विश्वविद्यालय के

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार काे राहुल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा

कि राज्य सरकार द्वारा उनके प्रयासों को मिली यह मान्यता उनके स्टार्टअप को सुदृढ़ दिशा

देने में सहायक सिद्ध होगी और यह विश्वविद्यालय के उस मिशन को भी साकार करती है, जिसके

अंतर्गत विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी हेतु तैयार

किया जा रहा है। उन्होंने हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस एवं पीडीयूआईआईसी के प्रयासों की

सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी नवाचारपूर्ण

विचारों के साथ आगे आने के लिए प्रेरित करेंगी।

कुलपति प्रो. नरसी

राम बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहा

है, जो विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करे और उन्हें आत्मनिर्भर,

नवाचारी तथा देश के विकास का वाहक बनाए। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में विकसित किए जा

रहे सशक्त उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र तथा राष्ट्र निर्माण के लिए सक्षम मानव संसाधन

और आर्थिक संपदा तैयार करने के सतत प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

कुलपति ने कहा कि

राहुल की यह सफलता इस बात का सशक्त उदाहरण है कि गुजविप्रौवि विद्यार्थियों को केवल

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि नवाचार, उद्यमिता, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण

के प्रति उत्तरदायित्व की भावना से भी सशक्त बना रहा है। विश्वविद्यालय का विकसित होता

उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र भविष्य में और अधिक स्टार्टअप्स, रोजगार सृजन तथा देश

के लिए स्थायी आर्थिक संपदा के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा।

हरियाणा स्कूल ऑफ

बिजनेस के निदेशक प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल शुरुआत है और आने वाले

समय में और भी विद्यार्थी इसी प्रकार की सफलताएं प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि

एचएसबी के अनेक पूर्व विद्यार्थी पहले से ही अपने सफल उद्यम संचालित कर रहे हैं, जो

वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और यह दर्शाता है कि संस्थान निरंतर

देश के लिए उद्यमशील नेतृत्व तैयार कर रहा है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय

नवाचार, इन्क्यूबेशन एवं उद्यमिता केंद्र (पीडीयूआईआईसी) के निदेशक प्रो. ओम प्रकाश

सांगवान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र के निरंतर प्रयास अब सकारात्मक

परिणाम देने लगे हैं और यह उपलब्धि उन प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जो विद्यार्थियों

के नवाचार को वास्तविक आर्थिक एवं सामाजिक मूल्य में परिवर्तित करने की दिशा में किए

जा रहे हैं।

राहुल का स्टार्टअप

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमईज) को डेटा-आधारित विश्लेषण, उपभोक्ता व्यवहार

की गहन समझ तथा बाजार की वास्तविक मांग के अनुरूप रणनीतिक सहयोग प्रदान करने पर केंद्रित

है। इसका उद्देश्य भारतीय उद्यमों को विश्व-स्तरीय उत्पाद विकसित करने में सक्षम बनाना,

‘मेक इन इंडिया’ को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सशक्त करना तथा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत

करने वाली स्थायी औद्योगिक संपदा का निर्माण करना है। यह पहल स्थानीय उद्योगों की उत्पादकता,

गुणवत्ता, नवाचार क्षमता और बाजार विस्तार को नई दिशा प्रदान करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर