सिरसा: जातीय जनगणना की आवश्यकता: विधायक चंद्रप्रकाश

 


सिरसा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन चंद्रप्रकाश ने कहा कि पिछड़े वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं बनाने के लिए सही ढंग से जातीय जनगणना की नितांत आवश्यकता है, लेकिन जनगणना फॉर्म में ओबीसी के कॉलम का प्रावधान ही नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इसलिए जातिगत जनगणना की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर प्रदेशभर में ओबीसी हक हुंकार अभियान चल रहा है। चंद्रप्रकाश शनिवार को सिरसा में विश्वकर्मा समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जनसंख्या के अनुपात में उचित भागीदारी व अवसर मिलना जरूरी है। वंचित, पिछड़े व हाशिए पर खड़े समुदायों को आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलने से ही उनका विकास होगा। विधायक ने आपसी भाईचारा व सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का संदेश देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज अत्यंत मेहनतकश है लेकिन आबादी के अनुसार प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। इसलिए सामाजिक न्याय व समान भागीदारी के लिए हम सभी को एकजुट होकर लड़ाई लडऩी होगी। सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से काफी संख्या में विश्वकर्मा समाज से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma