पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का हिसार तक विस्तार करवाने के लिए रेल मंत्री को भेजा पत्र
हनुमान मंदिर बुधला संत सभा ने उठाई रेल विस्तार
की मांग
हिसार, 21 अप्रैल (हि.स.)। हनुमान मंदिर बुधला
संत सभा, ऋषि नगर की ओर से विधायक सावित्री जिंदल व सांसद नवीन जिंदल की मार्फत केंद्रीय
रेल मंत्री को पत्र लिखकर रेलगाड़ी संख्या 12801/12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का हिसार
तक विस्तार करवाने की मांग की गई है। मंदिर सभा की ओर से भेजे गए पत्र में महासचिव
सुभाष टीनू आहुजा ने मंगलवार काे कहा कि वर्तमान में उक्त गाड़ी जगन्नाथ पुरी से आनंद विहार
टर्मिनल तक संचालित होती है, जहां यह गाड़ी प्रात: 3:50 बजे पहुंचती है तथा अगले दिन
रात्रि 22:45 बजे पुन: प्रस्थान करती है। इस प्रकार लगभग 19 घंटे तक गाड़ी वहां रुकती
है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों की सुविधा के लिए इस गाड़ी का आसानी से हिसार तक विस्तार
किया जा सकता है।
पत्र में सुभाष टीनू आहुजा ने कहा है कि यह गाड़ी
प्रयागराज, विध्यांचल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, गयाजी, पावापुरी, पारसनाथ भुवनेश्वर
एवं जगन्नाथ पुरी जैसे देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ती है। उक्त
गाड़ी हरियाणा के हिसार से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल एवं उड़ीसा को
जोड़ती है। इसका हिसार तक विस्तार होने से
पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इस
गाड़ी के चलने से लाखों यात्रियों को किफायती एवं सुरक्षित सुविधा प्राप्त होगी। दिल्ली
क्षेत्र पर अनावश्यक यात्री दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी। रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि
होगी। हरियाणा के पश्चिम क्षेत्र के संतुलित विकास को गति मिलेगी।
मंदिर सभा ने पत्र
की प्रति प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री, रेलवे महाप्रबंधक जयपुर
को भी भेजकर विनम्र अनुरोध किया है कि इस महत्वपूर्ण विषय पर प्रभावी रुप से कदम उठाकर
शीघ्र स्वीकृति दिलाने की कृपा करें। गौरतलब है कि पूर्वांचल जन कल्याण संगठन समिति
ने सर्वप्रथम पुरुषोतम एक्सप्रेस को हिसार तक करवाने की मांग उठाई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर