जींद : नागरिक अस्पताल में छेड़छाड़ के आरोपी को डेपुटेशन पर भेजा,जांच कमेटी बनाई

 


जींद, 29 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को नागरिक अस्पताल में नसबंदी का ऑपरेशन कराने आई एक महिला के साथ ऑपरेशन थियेटर ओटीए द्वारा कथित छेड़छाड़ के मामले में उसे डेपुटेशन पर उझाना भेज दिया गया है। मंगलवार को मामले की गंभीरता को लेते हुए आठ सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जो पूरे मामले की जांच कर दो दिन में अपनी रिपोर्ट फाइल करेगी। गौरतलब है कि सोमवार को नागरिक अस्पताल में एक महिला नसबंदी का ऑपरेशन करवाने के लिए पहुंची थी।

शाम को उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। आरोप है कि इसी दौरान ऑपरेशन थिएटर में तैनात ओटीए ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपित ओटीए ने महिला के प्राइवेट पार्ट के साथ छेड़छाड़ की। महिला द्वारा इस के बारे में जानकारी अपने परिजनों को दी गई। जिन्होंने पूरे मामले से सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को अवगत करवाया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई थी।

मंगलवार को प्रधान चिकित्सा अधिकारी ने इस मामले की जांच के लिए आठ सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को आदेश दिया गया है कि वह शिकायत की जांच करके रिपोर्ट दो दिन के अंदर प्रधान चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाएं। यह आदेश सिविल सर्जन जींद द्वारा जारी किया गया है।

सीएमओ डा. सुमन कोहली ने कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाली महिला मरीजों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। कमेटी पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और महिला व उसके परिजनों के आरोपों समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा