हिसार : सीआर वॉरियर बनी एसआर फ्रेंडशिप कप 2026 की विजेता

 


कप्तान सुनील पूनिया की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने दिलाई शानदार जीत

हिसार, 28 जुलाई (हि.स.)। हिसार स्थित एसआर क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित एसआर

फ्रेंडशिप कप 2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबला यूनिटी स्ट्राइकर्स और सीआर वॉरियर के

बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना

का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में सीआर वॉरियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार

विकेट से जीत हासिल कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर सीआर वॉरियर के कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने

का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूनिटी स्ट्राइकर्स की टीम निर्धारित 20

ओवरों में 10 विकेट खोकर 131 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सौरभ कुकरेजा ने शानदार बल्लेबाजी

करते हुए सर्वाधिक 45 रन बनाए। वहीं सीआर वॉरियर के गेंदबाज आकाश रावत ने बेहतरीन गेंदबाजी

का प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम के बल्लेबाजों

पर दबाव बनाए रखा।

132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीआर वॉरियर की टीम ने धैर्य और आक्रामकता

के साथ शानदार बल्लेबाजी की। टीम ने 19.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाकर

मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान सुनील पूनिया (सीतू) ने दबावपूर्ण परिस्थितियों

में शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 53 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। वहीं सिंबा एस

ने भी नाबाद 23 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए सुनील पूनिया (सीतू) को मैन ऑफ

द मैच चुना गया। वहीं गेंदबाजी में आकाश रावत द्वारा लिए गए तीन विकेट टीम की जीत के

लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुए। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर आयोजकों ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को बधाई

दी तथा सभी खिलाड़ियों, अंपायरों, स्कोररों, सहयोगियों एवं क्रिकेट प्रेमियों का आभार

व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि एसआर फ्रेंडशिप कप का उद्देश्य खिलाड़ियों में खेल

भावना, आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। भविष्य में भी इसी

प्रकार के रोमांचक एवं उच्चस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे

खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर