हिसार : किलोमीटर स्कीम की बसों से बढ़ रही दुर्घटनाएं : रोडवेज कर्मचारी यूनियन

 


यूनियन ने किलोमीटर स्कीम का ठेका खत्म कर बसों को नियमित बेड़े में शामिल

करने की मांग की

हिसार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने किलोमीटर स्कीम

के तहत संचालित बसों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। यूनियन का

कहना है कि किलोमीटर स्कीम की बसों से दुर्घटनाएं बढ़ रही है और सरकारी चालकों की छवि

खराब हो रही है, जो गलत है।

हरियाणा कर्मचारी महासंघ व एटक से संबंधित रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा

के राज्य प्रधान निशान सिंह, राज्य महासचिव जयवीर घणघस, हिसार डिपो प्रधान संदीप जैनावास

व डिपो सचिव प्रदीप डाबड़ा ने शुक्रवार काे आरोप लगाया कि किलोमीटर स्कीम की बसों

के चालक अप्रशिक्षित हैं और ठेके पर रखे गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही

हैं। यूनियन नेताओं ने कहा कि किलोमीटर स्कीम की बसों का रंग-रूप हरियाणा रोडवेज की

सरकारी बसों जैसा ही है। ऐसे में दुर्घटना होने पर आम जनता में यह भ्रम पैदा होता है

कि हादसा सरकारी रोडवेज बस के चालक की वजह से हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे प्रशिक्षित

एवं ईमानदारी से कार्य कर रहे सरकारी चालकों की छवि प्रभावित होने के साथ पूरे रोडवेज

विभाग की साख को भी नुकसान पहुंच रहा है।

रोडवेज नेताओं ने बताया कि यूनियन की ओर से इस संबंध में सरकार को कई बार ज्ञापन

सौंपकर किलोमीटर स्कीम का ठेका तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की जा चुकी है।

यूनियन नेताओं ने मांग की कि किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित बसों को हरियाणा रोडवेज

के नियमित बेड़े में शामिल किया जाए और इन बसों पर नियमित एवं प्रशिक्षित सरकारी चालकों

की नियुक्ति की जाए। यूनियन नेताओं ने कहा कि इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित

करने के साथ रोडवेज विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी चालकों की साख को लेकर पैदा हो

रहे भ्रम को भी दूर किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर