जींद से चलकर सोनीपत जाने वाले हाइड्रोजन ट्रेन 12 स्टेशनों पर रूकेगी

 


रेलवे ने जारी किया नई ट्रेन का दैनिक शैडयूल

जींद, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। रेलवे ने हाइड्रोजन ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। निर्धारित समय के अनुसार हाइड्रोजन ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर जींद जंक्शन से सोनीपत रवाना होगी। ट्रेन रोजाना जींद और सोनीपत के बीच एक चक्कर लगाएगी। जींद से रवाना होने के बाद मार्ग में पडऩे वाले 12 स्टेशनों और हाल्ट पर निर्धारित समय के अनुसार ठहरेगी।

गौरतलब है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन से धुआं नहीं निकलेगा और इसकी रफ्तार और यात्रियों को ले जाने की क्षमता भी डीजल ट्रेन के बराबर की होगी। आवाज न होने के चलते यात्री इस ट्रेन से आरामदायक सफर कर सकेंगे। ट्रेन एक किलो हाइड्रोजन में करीब साढ़े चार लीटर डीजल के बराबर माइलेज देगी। वहीं इस ट्रेन का रखरखाव भी सस्ता होगा। इलेक्ट्रिक ट्रेन की तुलना में हाइड्रोजन ट्रेन 10 गुणा अधिक दूरी तय करेगी। ट्रेन 360 किलोग्राम हाइड्रोजन में 180 किमी का सफर करेगी। ट्रेन में दो पावर प्लांट होंगे। ईंधन सेल की लागत और रखरखाव भी कम खर्च वाला है। ट्रेनों में आवाज नहीं होगी।

जींद से सोनीपत की दूरी लगभग 90 किलोमीटर है। यह ट्रेन 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। जींद रेलवे जंक्शन पर लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से दो हजार मीटर एरिया में हाइड्रोजन गैस प्लांट का निर्माण चल रहा है। हाइड्रोजन गैस से चलने वाले इंजन धुएं की बजाय भांप और पानी छोड़ेंगे। हाइड्रोजन ट्रेन वापसी में भी ट्रेन निर्धारित समय के अनुसार सोनीपत से जींद पहुंचेगी।

हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की है। यह डीजल ट्रेनों की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल मानी जा रही है। ट्रेन के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और रेलवे की हरित ऊर्जा पहल को भी मजबूती मिलेगी। पिछले कई महीनों से इस ट्रेन का विभिन्न रूटों पर सफल ट्रायल किया जा रहा था। तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद अब इसके नियमित संचालन का कार्यक्रम जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा