जींद : भारतीय किसान यूनियन ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

 


जींद, 18 अप्रैल (हि.स.)। नए फसल खरीद नियम के विरोध में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंक कर रोष व्यक्त किया। इससे पहले भाकियू कार्यकर्ताओं ने अनाज मंडी में धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरनारत भाकियू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार, जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल पोंकरीखेड़ी, सतेंद्र कोथ ने कहा कि जब तक सरकार का यह तुगलकी फरमान वापस नहीं लेती तब तक हर रोज एक मंत्री या विधायक का पुतला दहन किया जाएगा। ऐसे में भाकियू का ऐलान है कि जल्द से जल्द सरकार फसल खरीद के नए नियमों को वापस ले। अगर जल्द ही यह नियम वापस नहीं लिए गए तो 19 अप्रैल को मार्केट कमेटी कार्यालय के सामने चल रहे भाकियू के धरने पर बड़ा फैसला लिया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि की मार से प्रदेश के किसानों को नुकसान हुआ है।

जिसकी भरपाई के लिए किसानों को मुआवजा राशि देनी चाहिए। जब तक सरकार बायोमेट्रिक नियम को वापस नहीं लेती उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा मार्केट कमेटी द्वारा कार्यालय के साथ लगती बिल्डिंग पर किसान बनाए गए विश्राम गृह में किसानों के ठहरने, उठने व बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है और ई दिशा केंद्र खोला हुआ है। अब ई खरीद पोर्टल में व्यवधान आने के चलते मैनुअल तरीके से गेटपास काटे जा सकते हैं तो फसल की खरीद भी मैनुअल की जा सकती है। सरकार जल्द से जल्द इन निर्णयों को वापस ले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा