जींद : लव मैरिज, लिव इन और समलैंगिक संबंधों के कानूनों पर खाप पंचायतों ने जताई नाराजगी
जींद, 20 अगस्त (हि.स.)। माजरा खाप की बैठक प्रधान गुरविंद्र सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लव मैरिज, लिव इन रिलेशनशिप और समलैंगिक संबंधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों को लेकर माजरा खाप पंचायत ने नाराजगी जताई है। खाप पदाधिकारियों ने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार को समाज के विभिन्न वर्गों से बातचीत कर कानूनों की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने आगामी विधानसभा सत्र में इन विषयों पर चर्चा कर आवश्यक संशोधन करने की मांग की है।
माजरा खाप पंचायत के प्रधान गुरविंद्र सिंह सिंधु और महासचिव महेंद्र सिंह सहारण ने कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों को इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि सरकार कानूनों में संशोधन नहीं करना चाहती तो विपक्षी दल भी विधानसभा में निजी विधेयक के माध्यम से अपनी बात रख सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल सामाजिक मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाने से बच रहे हैं। माजरा खाप के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर ने कहा कि खाप पंचायतें लव मैरिज के पूरी तरह विरोध में नहीं हैं। उनका कहना है कि विवाह के मामलों में परिवार की सहमति और सामाजिक सरोकारों को महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समगोत्र तथा नजदीकी रक्त संबंधों में विवाह को लेकर खाप पंचायतों की अपनी सामाजिक मान्यताएं हैं और वे इन्हें बनाए रखने की पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप और समलैंगिक संबंधों से जुड़े विषयों पर भी खाप पंचायतें अपनी आपत्तियां सरकार के समक्ष रखेंगी। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं से कानूनी पहलुओं पर चर्चा कर एक ड्राफ्ट तैयार कराया गया है।
खाप प्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री से भी बातचीत की जा रही है। फोर ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से अपील की जाएगी कि इन विषयों पर सदन में चर्चा की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों और सुझावों पर विचार करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार के साथ खाप पंचायतों की बैठक जल्द होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा