हिसार : चुनाव आयोग की जवाबदेही मांगना अपराध नहीं : बृजलाल

 


बृज लाल बहबलपुरिया को दिल्ली में धरना स्थल से दूर ले जाकर छोड़ा

हिसार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने दिल्ली

में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जाते समय पुलिस द्वारा रोके जाने और धरना स्थल से

दूर ले जाकर छोड़े जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की

आवाज सुनना और उसके सवालों का जवाब देना जरूरी है। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और

चुनाव आयोग की जवाबदेही मांगना कोई अपराध नहीं है।

बृज लाल बहबलपुरिया पिछले दो दिनों से दिल्ली में मौजूद हैं। उन्होंने बताया

कि शनिवार को जब वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए धरना स्थल की ओर जा रहे थे,

तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर

धरना स्थल से दूर ले जाया गया और कुछ समय बाद छोड़ दिया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और युवा नेता विनीत कम्बोज भी उनके

साथ मौजूद थे। बहबलपुरिया ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे व्यक्ति को

रोकना और उसे कार्यक्रम स्थल से दूर ले जाकर छोड़ना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस प्रशासन

को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें रोकने का आदेश किसने दिया और इस कार्रवाई के पीछे क्या

कानूनी आधार था।उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाताओं

के अधिकारों और चुनाव आयोग की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठा रही है। इन सवालों का जवाब

देने के बजाय प्रदर्शनकारियों को रोकना समाधान नहीं है। लोकतंत्र में सरकार और संवैधानिक

संस्थाओं से सवाल पूछना विपक्ष की जिम्मेदारी है। यदि किसी मुद्दे पर आपत्ति है, तो

उसका जवाब तथ्यों और तर्कों के आधार पर दिया जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर