सिरसा: सूखे की चपेट में आए किसानों को मुआवजा दे सरकार: दुष्यंत चौटाला
सिरसा, 30 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सिरसा व फतेहाबाद में पर्याप्त मात्रा में नहरी पानी उपलब्ध न होने व कम बारिश के चलते धान उत्पादकों की स्थिति काफी दयनीय हो गई है, ऐसे में सरकार को उनकी सहायता के लिए हाथ बढ़ाना चाहिए और सूखे की चपेट में आए किसानों को पर्याप्त मात्रा में मुआवजा देना चाहिए।
दुष्यंत चौटाला रविवार को सिरसा जिले के ऐलनाबाद हलके में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक ओर भाखड़ा ओवरफ्लो हो रहा है वहीं सिरसा व फतेहाबाद में नहरी पानी की खासी कमी महसूस की जा रही है। दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए और उनकी जायज मांगों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन की गलत नीतियों के चलते आज पूरे हरियाणा में जहां सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं वहीं पटवारी, बिजली निगम कर्मी व रोडवेज कर्मियों का रोष प्रदर्शन भी जारी है।
उन्होंने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि आज हर सामान्य परिवार के लिए दो वक्त की रोटी कमाना भी मुश्किल हो गया है। प्रत्येक गृहिणी की रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है और युवाओं को उचित रोजगार नहीं मिल रहा है जिससे युवा अपराध व नशे की गर्त में आ रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक प्रणाली में सभी को अपनी बात रखने, प्रदर्शन का अधिकार है मगर मुख्यमंत्री व उनका पूरा कैबिनेट सदन में चर्चा से भाग रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पिछले शासनकाल पर दोष मढऩा मुख्यमंत्री की सफलता नहीं बल्कि विफलता है जिसे प्रदेशवासी स्वीकार नहीं कर रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma