जींद : अग्रोहा धाम टीले की खुदाई का बंद पड़ा काम तुरंत चालू करवाए सरकार: बजरंग गर्ग

 


जींद, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने व्यापार व उद्योग जगत में देश का नाम विश्व स्तर पर चमकने का काम किया है। वैश्य समाज के लोगों ने व्यापार व उद्योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक धार्मिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान है। अग्रोहा धाम टीलें की खुदाई का काम जो बंद पड़ा है, उसे तुरंत प्रभाव से सरकार को चालू करना चाहिए। अग्रोहा धाम में करोड रुपये की लागत से विशाल ऑडिटोरियम व म्यूजियम बन रहा है। अग्रोहा में कैंसर अस्पताल व रेलवे लाइन की घोषणा को सरकार पूरा करे। वे गुरूवार को वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की निजी होटल में मीटिंग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वैश्य समाज हमेशा जरूरतमंद की मदद करने देश व प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने में हमेशा ही आगे रहा है। वैश्य समाज महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चल कर सामाजिक व धार्मिक कार्यों में रात दिन लगा हुआ है। महाराजा अग्रसेन ने जरूरतमंद को ऊंचा उठाते हुए समाजवाद को बढ़ावा दिया। महाराजा अग्रसेन ने अपने राज्य में सबसे पहले पशु बली पर रोक लगाने का काम किया और जीव हत्या पर रोक का संदेश दिया था। बजरंग गर्ग ने कहा कि वैश्य समाज ने हमेशा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। छोटे व्यापारी से लेकर बड़े उद्योगपति तक समाज के लोगों में रोजगार के अवसर पैदा किया है।

लाखों परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में योगदान दिया है। व्यापार व उद्योग के विस्तार से देश व प्रदेश में रोजगार व राजस्व में बढ़ोतरी होती है। सरकार को भी व्यापारी व उद्योगपतियों को बेहतर सुविधाएं देनी चाहिए और छोटे व माध्यम व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए ताकि व्यापार व उद्योग के माध्यम से लाखों बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम में शरद पूर्णिमा पर 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर पर विशाल वार्षिक मेला लगेगा। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, प्रदेश महासचिव रामविलास मित्तल, अग्रोहा विकास ट्रस्ट जिला प्रधान ईश्वर गोयल, सावर गर्ग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा