हिसार : दलितों की सुरक्षा करने में हरियाणा सरकार पूरी तरह से नाकाम : कृष्ण जमालपुर

 


हिसार, 30 अप्रैल (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी

के अनेक नेताओं ने तलवंडी बादशाहपुर गांव पहुंचकर मृतक अनिल के परिजनों से मुलाकात

की और उन्हें ढांढस बंधाया। अनिल की पिछले दिनों कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। गांव

में पहुंचने वालों में प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर, प्रदेश महासचिव महेंद्र सिंह

धानिया एवं हिसार जिला अध्यक्ष रविंद्र चौहान सहित अन्य भी शामिल रहे। उन्होंने परिवार

को भरोसा दिलाया कि बसपा न्याय की इस लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

बसपा नेताओं ने गुरुवार काे इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख

और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अनिल कुमार की निर्मम हत्या ने हरियाणा की कानून व्यवस्था

पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना केवल एक अपराध नहीं बल्कि प्रदेश में बढ़ती

सामाजिक असुरक्षा और प्रशासनिक ढिलाई का परिणाम है। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने

कहा कि भले ही इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है लेकिन यह सरकार की जिम्मेदारी

से मुक्ति नहीं है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऐसी घटनाओं को रोकने में सरकार बार-बार

असफल क्यों हो रही है। प्रदेश में दलित और कमजोर वर्गों के बीच भय का माहौल बना हुआ

है जो किसी भी सशक्त शासन की निशानी नहीं हो सकता।

प्रदेश महासचिव महेंद्र सिंह धानिया ने कहा कि

हर बार घटना के बाद कार्रवाई का दिखावा कर देना ही पर्याप्त नहीं है। आवश्यकता इस बात

की है कि कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति

पर रोक लगे। वर्तमान सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल नजर आ रही है।

जिला अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने कहा कि प्रदेश

में एससी/एसटी एक्ट होने के बावजूद उसका प्रभावी क्रियान्वयन नजर नहीं आता। यदि कानून

का सही तरीके से पालन होता तो इस तरह की घटनाएं सामने ही नहीं आती। यह सरकार की नीतियों

और प्राथमिकताओं पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। बसपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि

प्रदेश में शांति सुरक्षा और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी

है। मौजूदा हालात यह दर्शाते हैं कि सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में कमजोर साबित

हो रही है। इस अवसर पर मुकेश सभ्रवाल, अनिल चोपड़ा, जितेंद्र मोटा, जयसिंह, मुकेश कुमार

व मनीष सहित अन्य भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर