हिसार: जांच रिपोर्टों की अनदेखी कर सुधारों की घोषणा से जवाबदेही से नहीं बच सकती सरकार: संपत सिंह
हकृवि में महिला वैज्ञानिकों से कथित प्रताड़ना, विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज
और नियुक्तियों में अनियमितताओं का मामला उठाया
कुलपति को पद से अलग रखने की मांग
हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं इनेलो के राष्ट्रीय
संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) में ठोस सुधारात्मक
कार्रवाई किए बिना सुधारों की घोषणाएं करने पर प्रदेश सरकार की आलोचना की है। उन्होंने
कहा कि हिसार के मंडलायुक्त और प्रधान महालेखाकार की जांच रिपोर्टों में सामने आई गंभीर
अनियमितताओं और निष्कर्षों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार जवाबदेही से बचने का प्रयास
कर रही है। गंभीर जांच रिपोर्टों की अनदेखी कर केवल सुधारों की घोषणा करने से सरकार
अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकती।
प्रो. संपत सिंह ने बुधवार काे कहा कि मंडलायुक्त की जांच रिपोर्ट में विश्वविद्यालय प्रशासन
द्वारा दो महिला वैज्ञानिकों को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के गंभीर तथ्य सामने
आए हैं। डॉ. दिव्या फोगाट ने मृत्यु से पहले शिकायत की थी कि विश्वविद्यालय के कुछ
अधिकारी उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं। इस मामले में जांच रिपोर्ट
में किसी स्वतंत्र बाहरी एजेंसी से जांच करवाने की सिफारिश की गई थी। उन्होंने मांग
की कि सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदारी तय करने के लिए इस सिफारिश पर तत्काल अमल किया
जाए।
प्रो. संपत सिंह ने डॉ. छवि सिरोही का मामला उठाते हुए कहा कि एमएससी और पीएचडी
दोनों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली डॉ. छवि सिरोही को वर्ष 2017 से 2021-22 तक
लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन मूल्यांकन मिला, लेकिन वर्ष 2022-23 में अचानक उनकी ग्रेडिंग
घटाकर औसत से भी नीचे कर दी गई और उनकी सत्यनिष्ठा पर भी सवाल उठाए गए। जांच रिपोर्ट
में कथित तौर पर तत्कालीन कुलपति को अनुमोदन प्राधिकारी के रूप में अधिकारों के गंभीर
दुरुपयोग का जिम्मेदार ठहराया गया, जिससे उनके पेशेवर करियर को भारी नुकसान पहुंचा।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज का उल्लेख करते हुए प्रो. सिंह ने
कहा कि जांच में पुलिस कार्रवाई का कोई औचित्य नहीं पाया गया और बल प्रयोग को आवश्यकता
से अधिक तथा असंगत बताया गया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में मुख्य सुरक्षा अधिकारी को
इस कार्रवाई का प्रमुख उकसाने वाला बताया गया है। घायल विद्यार्थियों को समय पर चिकित्सा
सहायता उपलब्ध न करवाना और उचित मेडिकल-लीगल रिपोर्ट प्राप्त करने में कथित बाधाएं
उत्पन्न करना भी गंभीर विषय हैं। विद्यार्थियों पर हमला करने के आरोपी सहायक प्रोफेसर
राधेश्याम के विरुद्ध चालान पेश करने की सिफारिश के बावजूद पुलिस जांच अधिकारी की ओर
से हुई देरी की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर