बैल बुग्गी में फसल लेकर पहुंचा किसान, मंडी में बना आकर्षण का केंद्र

 


जींद, 09 अप्रैल (हि.स.)। जुलाना नई अनाज मंडी में गुरूवार को एक किसान ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज करवाया। गतौली गांव निवासी किसान नरेश ढांडा अपनी गेहूं की फसल ट्रैक्टर ट्रॉली की बजाय बैल बुग्गी में भर कर मंडी पहुंचा। खास बात यह रही कि बैलगाड़ी के आगे एक व्यक्ति ढोल बजाता हुआ चल रहा था। जिससे यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बन गया और मंडी में मौजूद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

इस दौरान किसान नरेश ढांडा ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं। जिनसे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट अनिवार्य करना और बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करना किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। नरेश ढांडा ने कहा कि कई बार छोटे किसानों के पास जरूरी दस्तावेज या तकनीकी सुविधाएं नहीं होती हैं। जिससे उन्हें मंडी में फसल बेचने में बाधाएं आती हैं। इसी के विरोध में उन्होंने बैलगाड़ी के माध्यम से फसल लाकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि पुराने तरीकों से भी किसान अपना काम आसानी से कर सकता है।

जुलाना मंडी मार्केट कमेटी सचिव कोमिला ने बताया कि बैलगाड़ी में फसल लाने वाले किसानों को गेट पास देने में कोई दिक्कत नहीं होती है। क्योंकि बैलगाड़ी पर नंबर प्लेट की अनिवार्यता नहीं है। किसान के बैलगाड़ी में फसल लेकर आने पर तुरंत गेट पास उपलब्ध करवा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा