जींद : खेतों से कीमती उपकरण व तारें चुराने वाले दो आरोपति गिरफ्तार
जींद, 28 मई (हि.स.)। किसानों के लिए सिर दर्द बन चुका खेतों से कीमती उपकरण व तारें चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपितों को अलेवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपितों से चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान गांव नगूरां निवासी अरविंद उर्फ कचोरी तथा नरेश के रूप में हुई है।
अलेवा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक आत्माराम ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव नगूरां निवासी जीवन ने गत 26 मई को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बीती रात उसके खेत से टयूबवैल से बिजली की तार चोरी हो गई थी। दिन में वह खेत में जा रहा था तो उसे खेत में संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जब उन्होंने व्यक्ति को पकड़ा तो उसने अपना नाम कचौरी बताया। जिसने स्वीकार किया कि उसने रात को केबल को चोरी किया था। आधी को वह ले गया था जबकि आधी को वह लेने आया था।
आरोपित ने स्वीकार किया कि गांव के ही उदयवीर के साथ मिल कर चोरी की वारदातों अंजाम दे रहा है। जिसके बाद वे केबलों को गांव नगूरां में कबाड़ी की दुकान चलाने वाले नरेश को बेचते हंै। इसके अलावा उन्होंने गांव चांदपुर निवासी सत्यवान, विनोद, जीवन, अशोक, राजबीर, सुरेश, अनूप, रणधीर, मीनू, विनोद, कृष्ण, ममेर, पप्पा, राजेश, सुशील, राकेश के खेतों से बिजली तारें, इन्वर्टर को भी चोरी किया है। अलेवा थाना पुलिस ने जीवन की शिकायत पर पुलिस ने कचौरी, नरेश के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा