जींद : सड़क पर चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचा चालक
जींद, 18 जून (हि.स.)। गांव बुढाखेड़ा के निकट गुरूवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कार में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हालांकि चालक कार से बच निकलने में कामयाब हो गया। कार में आग लगने के बाद आसपास रास्ते को कुछ समय के लिए बंद करवा दिया गया, ताकि पास से गुजरने पर अन्य कोई वाहन चपेट में न आ सके।
आग की सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। गांव रत्ताखेड़ा निवासी योगेश गुरूवार को अपनी कार में सवार होकर जींद की तरफ आ रहा था। गांव बुढाखेड़ा बस अड्डे पर पहुंचने पर कार क्लच ने अचानक से काम करना बंद कर दिया। जब योगश जांचने के लिए कार से नीचे उतरा तो अचानक इंजन में आग भड़क उठी।
आसपास के लोगों की सहायता से आग पर काबू पाने की कोशिश भी की गई, लेकिन आग पर काबू नही पाया जा सका। कार में लगी आग की सूचना पाकर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार जल चुकी थी। योगेश ने बताया कि गाड़ी डीजल की थी और क्लच में दिक्कत आने के चलते वह कार से नीचे ही उतरा था कि कार आग में तबदील हो गई। सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि वह मुश्किल से संभला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा