हिसार : मोबाइल की जिद में घर से निकला बच्चा, दो घंटे में मिला, परिवार ने ली राहत की सांस
एसआई दिनेश कुमार की अगुवाई में बच्चे को सकुशल परिजनों तक पहुंचाया
हिसार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मोबाइल फोन लेने की जिद को लेकर घर से निकले 12 वर्षीय बच्चे को एचटीएम थाना
पुलिस ने महज दो घंटे में तलाश कर लिया। बच्चा सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस
ली और उसे अपने साथ घर ले गए। पुलिस ने यह कार्रवाई गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए
चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत की।
जानकारी के अनुसार, एचटीएम थाना क्षेत्र से एक 12 वर्षीय बच्चे के लापता होने
की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए
बच्चे की तलाश शुरू कर दी। अतिरिक्त थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व
में पुलिस टीम ने तेजी से प्रयास किए और करीब दो घंटे के भीतर बच्चे का पता लगा लिया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि बच्चा मोबाइल फोन लेने की जिद को लेकर
उदास था और इसी वजह से घर से निकल गया था। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने
आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे की सकुशल वापसी से
परिवार की चिंता दूर हो गई। इस कार्रवाई में पुलिस की त्वरित सक्रियता अहम रही, जिसके
चलते कुछ ही समय में बच्चे को उसके परिवार से दोबारा मिलाया जा सका।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर