एसवीएसयू पलवल के 94 विद्यार्थियों का सपना हुआ साकार

 


पलवल, 23 मई (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के 94 विद्यार्थियों का सपना साकार हो गया। कोर्स पूरा होने से पहले ही रोजगार मिलने पर विद्यार्थी फूले नहीं समा रहे। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इन विद्यार्थियों को ऑफर लैटर सौंपे और उन्हें बेहतरीन करियर की बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कई अच्छी और नामचीन कंपनी विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट के लिए आ रही हैं। कुछ ऐसे फील्ड हैं, जहां स्किल्ड लोग नहीं मिल रहे हैं। इंडस्ट्री में इतनी मांग है हम उसे पूरी नहीं कर पा रहे। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों से कुशलता से कार्य करने का आह्वान किया और साथ-साथ अपनी अकादमिक प्रगति के लिए प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की प्लेसमेंट के लिए उन्होंने इंडस्ट्री रिलेशन्स एंड एलुमनी अफेयर्स डिपार्टमेंट (इरा) की निदेशक चंचल भारद्वाज को बधाई दी। तनिष्क, विनीत और मोहित ने अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि जीवन का बड़ा सपना साकार हो गया। छात्रा प्राची ने कहा कि स्वावलंबन के यह पल मेरे जीवन में महत्वपूर्ण हैं। निदेशक चंचल भारद्वाज ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि ईस्ट वेस्ट ऑटोमोटिव ने 55 विद्यार्थियों का चयन किया है, जबकि लोसुंग ऑटोमोटिव ने 9 विद्यार्थी चयनित किए। संवर्धन मदरसन ने 14 विद्यार्थियों का चयन किया है। इनमें छह विद्यार्थी डीवॉक इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स और दो टूल एंड डाई तथा 6 डी वॉक एमएम के विद्यार्थी शामिल हैं। वी जी ग्रुप ने 16 विद्यार्थी चयनित किए हैं। इनमें 10 बीवॉक एमएम, दो डीवॉक इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स, एक टूल एंड डाई, दो बीवॉक और एक डीवॉक एमएम का विद्यार्थी शामिल हैं। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह, उप निदेशक पंकज, उप निदेशक अमीष अमेय, उप निदेशक नीरू और सहायक उप निदेशक नीलम ने विद्यार्थियों को चयनित होने पर बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग