जींद : सफीदों व जींद में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित रैलियों की तैयारियां समय पर हों पूरी : डीसी
जींद, 19 मार्च (हि.स.)। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा है कि आगामी चार अप्रैल को सफीदों तथा पांच अप्रैल को जींद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रस्तावित हलका स्तरीय रैलियों के मद्देनजर सभी विभाग अपनी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। संबंधित अधिकारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी निष्ठा व गंभीरता से करना सुनिश्चित करें।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा गुरूवार को आगामी चार व पांच अप्रैल को होने वाली मुख्यमंत्री की प्रस्तावित रैलियों के दृष्टिगत लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित हैं, वे अपनी विस्तृत सूची निर्धारित समयावधि में उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेंए ताकि कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा सके। उन्होंने कहा कि रैली स्थलों पर आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके तहत पार्किंग व्यवस्था, सुचारू बैरिकेडिंग, स्वच्छ अस्थायी शौचालय, पर्याप्त स्वास्थ्य सेवाएं तथा पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पंडाल में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि रैली स्थलों तक जाने वाले सभी मार्गों की समय रहते मरम्मत व सुधार कार्य पूर्ण कर लिया जाए। इसके अतिरिक्त वन विभाग को निर्देशित किया गया कि आवश्यकता अनुसार मार्गों के किनारे पेड़ों की छंटाई का कार्य भी शीघ्रता से संपन्न करवाया जाए ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, उत्तरदायित्व और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यवस्था को सूक्ष्म स्तर पर जांचा जाए ताकि कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। इस बैठक में सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा आनलाइन वीसी के माध्यम से जुड़े हुए थे। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम सत्यवान सिंह मान, डीएमसी सुरेंद्र दून, नगराधीश मोनिका रानी, रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता आर के नैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा