हिसार: हरियाणा रोडवेज की मुफ्त व रियायती यात्रा योजनाओं का हिसाब जुटाएगा विभाग
-पिछले तीन साल का खर्च और अनुमानित आय में नुकसान
का ब्योरा मांगा
-विभाग की ओर से 39 श्रेणियों को दी जा रही सुविधा
हिसार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज में
मुफ्त और रियायती यात्रा सुविधा पर होने वाले खर्च का हिसाब जुटाया जा रहा है। परिवहन
विभाग के मुख्यालय ने प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों से ऐसी योजनाओं के तहत पिछले तीन
वर्षों में हुए अनुमानित वित्तीय खर्च और अनुमानित आय में हुए नुकसान का विवरण मांगा
है। विभाग की ओर से 39 श्रेणियों को रियायती और मुफ्त यात्रा योजना का लाभ दिए जाने
का उल्लेख किया गया है। सभी महाप्रबंधकों को यह जानकारी निर्धारित प्रारूप में भेजने
के निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा राज्य परिवहन निदेशालय, चंडीगढ़ की ओर
से जारी पत्र में कहा गया है कि महानिदेशक ने पिछले तीन वर्षों के दौरान रियायती और
मुफ्त यात्रा योजनाओं के कारण विभाग को हुए अनुमानित वित्तीय प्रभाव का ब्योरा मांगा
है। पत्र में सभी महाप्रबंधकों से निर्धारित सूची के अनुसार जानकारी उपलब्ध करवाने
को कहा गया है। इसके लिए संयुक्त निदेशक-1 तथा यातायात शाखा और सांख्यिकी शाखा से संबंधित
अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज की विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को
दी जाने वाली मुफ्त और रियायती यात्रा सुविधा से जुड़े खर्च का यह ब्योरा विभागीय स्तर
पर वित्तीय आकलन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पत्र में योजनाओं पर हुए
वास्तविक खर्च, आय में नुकसान की कुल राशि या किसी योजना को बंद करने अथवा उसमें बदलाव
करने का निर्णय नहीं बताया गया है। ऐसे में इन योजनाओं के वित्तीय प्रभाव की वास्तविक
तस्वीर संबंधित डिपो से आंकड़े मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर