जींद : मजाक-मजाक में फांसी लगाने से युवक की मौत

 


जींद, 30 सितंबर (हि.स.)। गांव किलाजफरगढ़ में मंगलवार को मजाक में लगाए फांसी फंदे से युवक की मौत हो गई। जुलाना थाना पुलिस ने बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव किलाजफरगढ़ निवासी हरीश (31) को मंगलवार रात गंभीर हालात में सीएचसी जुलाना लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले जींद नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पिता रामेहर ने बताया कि हरीश अविवाहित था और टावर कंपनी में काम करता था। पांव में चोट लगी होने के कारण वह दो दिन से छुट्टी पर था। मंगलवार को हरीश अपने कमरे में था। उसने मजाक में अपनी भाभी को देख पंखे से फांसी का फंदा अपने गले में डाल लिया। उसकी भाभी पानी देकर कमरे से बाहर आ गई। हरीश के पांव में चोट होने के कारण उसका बैलेंस बिगड़ गया और फांसी लग गई। हालांकि अंदर से आवाज आने के कारण उन्होंने तुंरत हरीश को संभाल भी लिया। जब तक उसे नीचे उतारा जाता, तब तक उसकी हालात गंभीर हो चुकी थी। जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। जुलाना थाना के जांच अधिकारी लखविंद्र ने बताया कि मृतक अपनी भाभी से मजाक कर रहा था। जिसके चलते युवक की जान चली गई। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा