जींद : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत

 


जींद, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव नंदगढ़ के निकट नेशनल हाइवे 152डी पर तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी का टायर जांच रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव ढाठरथ निवासी मुकेश तथा मनीष रिश्तेदारी में रानीला गए हुए थे। दोनों गुरुवार रात काे कार में सवार होकर नेशनल हाईवे 152डी से अपने घर लौट रहे थे। गांव नंदगढ़ के निकट उसकी कार में पंक्चर हो गया। मुकेश गाड़ी को साइड में कर टायर जांचने लगा। जबकि मनीष गाड़ी से कुछ दूरी पर सड़क पर खड़ा हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मुकेश को टक्कर मार दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर हालात में मुकेश को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के ताऊ के बेटे नरेंद्र की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुलाना थाना के जांच अधिकारी कपिल ने शुक्रवार काे बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौप दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा