जींद : फांसी के फंदे पर लटका मिला महिला का शव

 


जींद, 31 मई (हि.स.)। गांव बरहाखुर्द में रविवार को एक महिला ने फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। फिलहाल यह पता नही चल पाया है कि महिला ने फांसी क्यों लगाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव बराह खुर्द निवासी सनम की 21 वर्षीय पत्नी महक ने रविवार को अपने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना का परिजनों को उस समय पता चला जब महक काफी देर तक बाहर नही आई। जब उन्होंने दरवाजा खोल कर देखा तो महक पंखे से फांसी के फंदे लटकी हुई थी। परिजनों द्वारा तुरंत प्रभाव से घटना की सूचना पुलिस तथा परिजनों को दी गई।

घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। मृतका का मायका पंचकूला में है। सदर थाना के जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव मकान मे फांसी के फंदे पर मिला है। मायका पक्ष के आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा