जींद : बायो गैस प्लांट शिफ्ट कराने को केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
जींद, 25 मई (हि.स.)। बायोगैस प्लांट के विरोध में सोमवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से कालोनीवासियों ने मुलाकात की। कालोनीवासियों ने गोहाना रोड के नजदीक रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट को शिफ्ट कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में डीसी मोहम्मद इमरान रजा को एक माह के दौरान प्लांट को लेकर आ रही शिकायत की जांच करवाने और रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
पार्षद प्रतिनिधि बलबीर श्योराण के नेतृत्व में सोमवार को मिले इस प्रतिनिधि मंडल में मास्टर सेवाराम, नरेश भनवाला आदि ने कहा कि यदि बायो गैस प्लांट बंद नही किया गया तो इसके बड़े दुष्प्रभाव सामने आएंगे। अभी तो इस प्लांट की शुरूआत है कि लोगों के गले खराब होने लगे है। बायो गैस प्लांट को शिफ्ट कराने के लिए पिछले दो माह से लोग अपना दर्द निकाल रहे हैं। किंतु उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रतिनिधि मंडल का दर्द सुनने के बाद आश्वासन दिया कि इस मामले में जांच करवाई जाएगी। बलबीर श्योराण ने कहा कि बायो गैस प्लांट के दुष्प्रभावों को प्रशासन धरातल पर नहीं जांच रहा है। अभी तो प्लांट की एक यूनिट ही चली है, बाद में जब छह की छह यूनिट चलेगी तो हाल बेहाल हो जाएगा।
मास्टर बिजेंद्र दहिया ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट को शासन व प्रशासन हलके में ले रहा है। भविष्य मेें कोई बड़ा हादसा हुआ तो इसके लिए सीधे तौर पर शासन व प्रशासन जिम्मेदार होगा। मास्टर सेवाराम ने कहा कि इस मसले में प्रशासन की सोच नकारात्मक है। ग्राऊंड लेवल पर जांच करने से बच रहे है। राकेश भनवाला ने कहा कि यदि उनकी अनदेखी की गई तो भविष्य में बड़ा आंदोलन होगा। घरों को ताला लगा कर बच्चों समेत सड़कों पर बैठने का काम करेंगे। कोई निष्कर्ष जनता के हित में नहीं निकला तो फिर बायो गैस प्लांट के गेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा