सिरसा: एएसडीडी सूची में शामिल 96 हजार 848 मतदाताओं का होगा पुन: सत्यापन: डीसी

 


सिरसा, 11 नवंबर (हि.स.)। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने कहा कि एएसडीडी सूची में शामिल 96 हजार 848 मतदाताओं का पुन: सत्यापन होगा। उन्होंने बताया कि जिला के सभी बूथ लेवल अधिकारी एएसडीडी सूची अनुसार राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के समन्वय से ऐसे मतदाताओं से सम्पर्क करते हुए घर-घर जाकर वैरीफिकेशन करेंगे। इसके अलावा पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों एवं उपलब्ध संपर्क माध्यमों से भी जानकारी प्राप्त करेंगे। उनसे गणना प्रपत्र तथा घोषणा पत्र भरवाकर पुन: उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज करेंगे। उपायुक्त बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।

बैठक में जिला में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एएसडीडी सूची यानि अनुपस्थित, स्थान बदलने, मृत और दोहरे नाम जैसी स्थिति में ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम न होने पर उचित दस्तावेज के साथ सूची में नाम जुड़वाने संबंधी प्रक्रिया के बारे में बताया गया। उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुए हैं, वे मतदाता गणना प्रपत्र एवं निर्धारित घोषणा पत्र जमा करवा कर अपना नाम पुन: मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma