हिसार: इंडियन एथलेटिक्स फाइनल सीरीज में हरियाणा ने चार स्वर्ण दो रजत सहित 11 पदक जीते

 


डिस्कस थ्रो इवेंट में तीनों स्थानों पर हरियाणा की बेटियों का कब्जा

हिसार, 12 सितंबर (हि.स.)। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की ओर से दिल्ली

के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स फाइनल सीरीज 2026 में हरियाणा

के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। नौ स्पर्धाओं में हरियाणा ने पदक जीता उनमें कुल

11 पदक (चार स्वर्ण, दो रजत, पांच कांस्य) प्रदेश की झोली में आए। महिला डिस्कस थ्रो

में हरियाणा ने क्लीन स्वीप कर इतिहास रचा। राजकुमार मिटान सदस्य ग्रीवेंस कमेटी एथलेटिक्स

फेडरेशन ऑफ इंडिया और दिलबाग सिंह अध्यक्ष एथलेटिक्स हरियाणा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों

को पदक विजेता बनने पर शुभकामनाएं प्रदान की।

मनप्रीत कौर (अम्बाला) ने शाट पुट इवेंट पहला स्थान, पूजा (फतेहाबाद) ने हाई

जंप इवेंट में पहला स्थान और सीमा कालीरमन (भिवानी) ने डिस्कस थ्रो इवेंट में एवं मोहम्मद

अता साजिद (फरीदाबाद) ने लांग जंप इवेंट में पहला स्थान प्राप्त किया। पूजा (फतेहाबाद)

ने 800 मीटर दौड़ और प्रिया (भिवानी) ने डिस्कस थ्रो इवेंट में दूसरा स्थान प्राप्त

किया।

कृष्ण कुमार (भिवानी) ने 800 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान, निधि रानी (रोहतक)

ने डिस्कस थ्रो इवेंट में तीसरा स्थान, आशीष जाखड़ (झज्जर) ने हैमर थ्रो इवेंट में,

विकास दलाल ने 3000 मीटर स्टेपल चेज इवेंट में तीसरा स्थान और प्रगति ने 1500 मीटर

दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त कर नकद पुरस्कार राशि जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया।

एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक व मीडिया प्रभारी

सत्यवीर धनखड ने शनिवार काे बताया कि पुरुष 800 मीटर में हरियाणा के कृष्ण कुमार

ने 1 मिनट 46.73 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज में हरियाणा

के विकास दलाल 8 मिनट 50.43 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। पुरुष लांग जंप में

हरियाणा के मोहम्मद अत्ता साजिद ने 8.01 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता। कर्नाटक

के आर्य एस 7.90 मीटर के साथ दूसरे और ओडिशा के सरून प्यासिंह 7.61 मीटर के साथ तीसरे

स्थान पर रहे।

पुरुष हैमर थ्रो में हरियाणा के आशीष जाखड़ 67.51 मीटर के साथ कांस्य पदक विजेता

बने। महिला 800 मीटर में हरियाणा की पूजा 2 मिनट 04.02 सेकेंड के साथ रजत जीता। महिला

1500 मीटर में हरियाणा की प्रगति 4 मिनट 39.88 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

महिला हाई जंप में हरियाणा की पूजा सिंह ने 1.81 मीटर के साथ स्वर्ण जीता। उत्तर प्रदेश

की रीत राठौर भी 1.81 मीटर के साथ रजत और कर्नाटक की सुप्रिया एसबी 1.78 मीटर के साथ

कांस्य पदक विजेता बनीं। महिला शॉट पुट में हरियाणा की मनप्रीत कौर ने 17.19 मीटर के साथ स्वर्ण पदक

जीता।

महिला डिस्कस थ्रो में हरियाणा ने तीनों पदकों पर कब्जा किया। सीमा कालीरमन

ने 56.52 मीटर के साथ स्वर्ण, प्रिया ने 54.82 मीटर के साथ रजत और निधि रानी ने

54.16 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर