जींद : आढ़तियों ने मंडियों से माल का उठान न होने पर मंडी गेट पर जड़ा ताला

 


जींद, 02 मई (हि.स.)। नरवाना की मंडियों से माल का उठान तेजी से न होने के रोष स्वरूप शनिवार को मंडी एसोसिएशन व ट्रांसपोर्ट ठेकेदार की आपसी खिंचतान हो गई है। गुस्साए आढ़तियों ने माल का उठान न होने पर आढ़तियों ने मंडी गेट पर ताला जड़ दिया और मार्केट कमेटी कार्यालय में धरना दे दिया। धरना देने व मंडी गेट पर ताला जडऩेे की सूचना मिलते ही एसडीएम जगदीश चंद्र, तहसीलदार विजय बब्बर व डीएसपी कमलदीप राणा मौके पर पहुंचे।

जब तीनों अधिकारी मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे तो आढ़तियों, मजदूरों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। वहीं एसडीएम जगदीश चंद्र ने मंडी एसोसिएशन के प्रधान जयदेव बंसल, एजेंसी अधिकारियों व अन्य आढ़तियों के साथ माल के उठान को लेकर बातचीत की।

मंडी एसोसिएशन प्रधान जयदेव बंसल व अन्य आढ़तियों ने बताया कि एसोसिएशन पर्ची बना कर राउंड के हिसाब से माल का उठान करवाना चाहती है ताकि सभी का माल क्रमानुसार उठ सके लेकिन ठेकेदार एसोसिएशन के राउंड सिस्टम को तुड़वाना चाहता है। उन्होंने कहा कि माल का उठान तेजी से करवाने के लिए मंडी एसोसिएशन भी प्रयासरत है। आढ़तियों ने कहा कि गाडिय़ों की लिस्ट उनको दें दें ताकि उसके अनुसार गेट पास कटवाया जा सके।

एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि डीएफएससी कह रहे हैं कि पालिसी के अनुसार गाडियां दी जा रही हैं, उससे ज्यादा गाडिय़ां नही दी जा सकती। मामला लंबा ज्यादा खींचने पर एसडीएम ने मंत्री कृष्ण बेदी व डीसी मोहम्मद इमरान रजा से फोन पर बातचीत की और पूरा मामला से अवगत करवाया। मंत्री कृष्ण बेदी ने मंडी प्रधान जयदेव बंसल से बात की और कहा कि उनकी जो भी समस्या है, उसको हल करवा दिया जाएगा। एसडीएम ने आढ़तियों के बीच कहा कि मंडी एसोसिएशन के पास गाडिय़ों की लिस्ट पहुंच जाएगी और वो पर्ची बना कर ही गाडिय़ां भेजेंगे। जिसके बाद आढ़ती संतुष्ट हो सके। एसडीएम ने यह भी कहा कि माल को ढककर रखें। क्योंकि किसानों का गेहंू खराब नहीं होना चाहिए। माल का उठान तेजी हो, तो किसानों के खाते में पेमेंट जाएगी और सरकार भी यह चाहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा