जींद : बच्चों को ज्ञान देने के साथ-साथ सांस्कृतिक ज्ञान भी दें : सीएम नायब सैनी
जींद, 27 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि भारत की प्रगति आध्यात्मिक आधार पर भी चलती है। लगातार यह ऐसे ही चलती है और बढ़ती रहेगी। हमारे बच्चों को ज्ञान देने के साथ-साथ सांस्कृतिक ज्ञान भी दें। हम आज यहां से गौसेवा का संकल्प लेकर जाएं, अच्छी संस्कृति का नाम दें।
मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को गांव उझाना में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उझाना गांव में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा गांव में विकास कार्यों को गति देने के लिए 51 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने का भी ऐलान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चुनाव से पहले आप सभी का आशीर्वाद लेने उझाना आया था और अपने आशीर्वाद भी दिया, जिसका वो धन्यवाद करते हैं। आज 217 संकल्पों में से 66 संकल्प हरियाणा सरकार ने पूरे कर लिए हैं।
शेष जो रह गए हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। सीएम ने हरियाणा व केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रकाश डाला और कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन के अनुसार लगातार हरियाणा का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन केवल पूजा-अर्चना और प्राण-प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये हमारी सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण का अवसर भी होते हैं। उन्होंने कहा कि संतों और महात्माओं ने अपने तप, त्याग और साधना के माध्यम से सदैव समाज को सही दिशा देने का कार्य किया है। नाथ परंपरा केवल साधना और आध्यात्मिकता की परंपरा नहीं है, बल्कि यह सेवा, संस्कार, समाज निर्माण और सामाजिक एकता का भी महत्वपूर्ण आधार रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा