हिसार : कर्मचारियों के अधिकारों को समाप्त कर रही केन्द्र सरकार : निर्मला
रिटायर्ड कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय पर
प्रदर्शन करके सौंपा ज्ञापन
हिसार, 21 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय राज्य
सरकारी पेंशनर्ज फेडरेशन के आह्वान पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर
तथा राज्य व केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में उपायुक्त कार्यालय
के समक्ष रोष प्रदर्शन किया। मंगलवार काे हुए प्रदर्शन की अध्यक्षता रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला
अध्यक्ष मनोहर लाल जाखड़ ने की व संचालन जिला सचिव नरेश कुमार गौतम ने किया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को संबोधित करते
हुए राज्य उपप्रधान निर्मला देवी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पूर्व में प्राप्त
उनके अधिकारों को एक-एक करके समाप्त कर रही है। कभी आठवें वेतन आयोग के लाभ को रिटायर
कर्मचारियों पर लागू न करना तो कभी पुरानी पेंशन स्कीम समाप्त करके यूनाइटिड पेंशन
स्कीम लागू करने का प्रयास व धीरे-धीरे पेंशन से हाथ धोने पर मजबूर करने का प्रयास
किया जा रहा है। अभी एलटीसी को वही पुराने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली स्कीम को
लागू करने का आदेश, कोई केशलेस मेडिकल सुविधा नहीं देकर संगठनों को कमजोर करने वाले
श्रम कानून लागू कर सरकार कर्मचारियों की एकता को तोड़ना चाहती है। रमेश आहुजा व जगदीश
चंद्र बिश्नोई ने कहा कि विधायकों व सांसदों के वेतन व भत्ते हर साल बढ़ा दिये जाते
हैं और कर्मचारी 10-10 वर्षों तक इंतजार करते हैं। हिसार के अलावा प्रदेश भर के हर
जिले में प्रदर्शन किये गये व उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजे
गये। प्रदर्शन को मा. जयबीर सिंह, ओमप्रकाश झाझडिय़ा, नानक देव रानोलिया, श्योचंद राम
घोड़ेला, अशोक सैनी, अशोक अठवाल, प्रदीप जांगड़ा, सूबेसिंह, जयसिंह, मा. जसवंत सिंह
आदि ने संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर