हांसी में रफ्तार का कहर: कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, दो की मौत

 




हादसे में एक युवक फ्लाईओवर के बीच बने खाली स्थान से कई फीट नीचे जा गिरा

महम निवासी तीसरे युवक की हालत गंभीर, हिसार रेफर

हांसी, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कुंदनापुर फ्लाईओवर पर

रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर

इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक उछलकर फ्लाईओवर के बीच

बने खाली स्थान से कई फीट नीचे जा गिरा। दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई,

जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार

के बाद हिसार रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान हांसी जिले के गांव सिंघवा निवासी गौरव और महम में गीता मंदिर

के नजदीक रहने वाले शुभम के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवक की पहचान महम निवासी

आयुष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष के पिता चिकित्सक हैं। प्रत्यक्षदर्शियों

के अनुसार कार तेज रफ्तार से फ्लाईओवर से गुजर रही थी।

इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण

खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर हवा में उछलते हुए पलट गई। टक्कर के कारण कार में

सवार एक युवक खिड़की से बाहर निकलकर फ्लाईओवर के बीच बने खाली स्थान से नीचे जा गिरा।

अचानक हुए इस भीषण हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों

ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों

ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आयुष को हिसार रेफर कर

दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायल के परिजन घटनास्थल तथा नागरिक अस्पताल

पहुंचने लगे। दो युवकों की मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने मौके

पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू

करवाया। इसके बाद हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

शेखपुरा चौकी के जांच अधिकारी एएसआई सत्यवान ने बताया कि कुंदनापुर फ्लाईओवर

पर मोड़ होने के कारण कई बार तेज रफ्तार वाहन चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। पुलिस हादसे

से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर