जींद : झाडिय़ों से व्यक्ति का क्षत विक्षत शव बरामद

 


जींद, 10 मई (हि.स.)। गांव लोहचब स्थित राजकीय स्कूल के पीछे झाडिय़ों से एक व्यक्ति का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ है। शव की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को मृतक के पास से ऐसा कुछ नही मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।

सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव लोहचब स्थित राजकीय स्कूल के पीछे झाडिय़ों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव लगभग 15 दिन पुराना है। मृतक ने चैकदार शर्ट तथा काली पेंट पहनी हुई है। पुलिस ने ग्रामीणों को बुला कर शिनाख्त करवाने की कोशिश भी कि लेकिन शिनाख्त नही हो पाई। मृतक के हाथ, पांव तथा चेहरे व अन्य कुछ हिस्सों को कुत्तों द्वारा खाया भी गया है। व्यक्ति की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम होने के बाद हो पाएगा। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रविवार को जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शव पुराना है और बुरी तरह गला सड़ा हुआ है। मृतक के आसपास भी ऐसा कुछ नही मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। हालांकि ग्रामीणों को भी बुलाया गया लेकिन किसी ने भी मृतक की पहचान नही की है। फिलहाल शव को शव गृह में रखवाया गया है। मृतक के शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा