हिसार : लुवास के एनसीसी कैडेट्स ने घुड़सवारी के हैरतअंगेज करतबों से मोहा दर्शकों का मन
अश्व अनुसंधान केंद्र के 42वें स्थापना दिवस पर दिखाया दमखम
छलांग, तंबू की कील उठाने और भारतीय घुड़सवार पंक्ति का किया प्रदर्शन
हिसार, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान
केंद्र, हिसार के 42वें स्थापना दिवस समारोह में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु
विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के एनसीसी कैडेट्स ने शानदार अश्व प्रदर्शन कर खूब वाहवाही
बटोरी।
कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के निर्देशन और कर्नल विनीत बुटोला के
मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस प्रदर्शन में कैडेट्स ने शुक्रवार काे घुड़सवारी छलांग, तंबू की
कील उठाने की कला और भारतीय घुड़सवार पंक्ति जैसी रोमांचक अश्व गतिविधियां प्रस्तुत
कीं। घोड़ों के साथ बेहतर तालमेल, सटीक नियंत्रण और आत्मविश्वास से भरे करतबों ने दर्शकों
को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कैडेट्स की इस प्रस्तुति में उनके कठिन प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और अनुशासन
की झलक देखने को मिली। चुनौतीपूर्ण अश्व गतिविधियों को उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और
दक्षता के साथ पूरा किया। प्रदर्शन के दौरान साहस, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और खेल
भावना का भी शानदार परिचय दिया।
समारोह में राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर
के कुलपति डॉ. सुमंत व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
एनसीसी के अश्व प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी,
अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। लुवास के कैडेट्स ने अपने प्रदर्शन के माध्यम
से इन गुणों का प्रभावी परिचय दिया और सैन्य घुड़सवारी की गौरवशाली परंपरा को भी प्रदर्शित
किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर