जींद : वसूली ना देने पर अपहरण की कोशिश व हमला करने का आरोपित गिरफ्तार
जींद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सीआईए नरवाना की टीम ने वसूली ना देने पर अपहरण की कोशिश करने तथा हमला करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ कर रही है।
सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि गत 13 सितंबर को गांव बडनपुर निवासी हरदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पिता के नरवाना इलाके में शराब के ठेके हैं। गत 13 सितंबर देर रात को शराब ठेकों से रिकवरी कर घर लौट रहा था। बद्दोवाल टोल प्लाजा के निकट गाडिय़ों में सवार होकर आए युवकों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। आरोपितों ने उसकी गाड़ी के साथ तोडफ़ोड़ भी की। आरोपितों ने अपहरण की कोशिश करते हुए उसे अपनी गाड़ी में डालने की भी प्रयास किया। वाहन चालकों की भीड़ इक_े होते देख आरोपित फरार हो गए। हरदीप ने आरोप लगाया कि गांव बद्दोवाल निवासी शिव कुमार तथा उसके साथी उस पर मंथली के लिए दबाव बना रहे थे। जिसके चलते आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया है।
शहर थाना नरवाना पुलिस ने हरदीप की शिकायत पर शिव कुमार, जितेंद्र, सन्नी को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, तोडफ़ोड़ करने, अपहरण की कोशिश करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गांव बद्दोवाल निवासी सन्नी, गांव अलीपुरा निवासी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। सीआईए नरवाना की टीम को सूचना मिली थी कि मामले का आरोपित गांव बद्दोवाल निवासी शिव कुमार अपने किसी जानकार से मिलने के लिए आने वाला है। जिस पर पुलिस टीम ने ट्रैप लगा कर आरोपित को काबू कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा