हांसी : बरसाती नाले का काम जल्द पूरा करने के निर्देश, मारपीट मामले की होगी दोबारा जांच

 


कष्ट निवारण समिति में ढांडा का एक्शन मोड, 10 शिकायतें मौके पर निपटाईं

दो पर अफसरों को कार्रवाई के आदेश, पेयजल-सीवरेज समस्या पर भी मांगी समयसीमा

हांसी, 22 अगस्त (हि.स.)। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में

शनिवार को शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा एक्शन मोड में नजर आए। शिकायतें सुनने के साथ

ही उन्होंने अधिकारियों से मौके पर जवाब लिया और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के

निर्देश दिए। बैठक में रखे गए 12 जनपरिवादों में से 10 का मौके पर ही समाधान कर दिया

गया, जबकि दो मामलों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई कर जल्द निपटारे

के निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया कि आमजन की शिकायतों को

गंभीरता से लें और समाधान में किसी तरह की ढिलाई न बरतें।

एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में हुई बैठक में ढाणी पुरिया की बरसाती

नाले की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने

के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी कहा कि निर्माण कार्य में बाधा न डालें,

क्योंकि नाले का निर्माण पूरा होने से बरसाती पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान

होगा। घिराय में पेयजल संकट की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि पेयजल परियोजना का

टेंडर अलॉट हो चुका है और जल्द काम शुरू किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश

दिए कि टेंडर होने के बाद काम में अब किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। हांसी

निवासी प्रवेश जांगड़ा की पेयजल और सीवरेज संबंधी शिकायत पर भी मंत्री ने दोनों समस्याओं

को प्राथमिकता से दूर करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि सीवरेज लाइन दुरुस्त करने

का एस्टीमेट सरकार को भेजा जा चुका है और तकनीकी मंजूरी भी मिल गई है।

सुल्तानपुर निवासी संदीप की मारपीट संबंधी शिकायत पर मंत्री ने मामले की निष्पक्ष

जांच के आदेश दिए। उन्होंने जिला परिवेदना समिति के दो सदस्यों को जांच में शामिल कर

मामले की दोबारा जांच करवाने को कहा, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके और

शिकायतकर्ता को न्याय मिले। सिंघवा राघो निवासी राजकुमार की फसल बीमा राशि नहीं मिलने की शिकायत पर मंत्री

ने संबंधित अधिकारियों को पात्र किसान को बीमा का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई

करने के निर्देश दिए। वहीं माजरा गांव में 100-100 वर्ग गज के प्लाटों से जुड़ी शिकायत

पर एसडीएम नारनौंद को जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में मंत्री ने समिति के एजेंडे के अलावा अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे अन्य

लोगों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का काम केवल शिकायत दर्ज करना

नहीं, बल्कि उसका समाधान सुनिश्चित करना है। आमजन को अपनी छोटी-बड़ी समस्या के लिए

बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर प्राथमिकता

से कार्रवाई करें और उसकी निगरानी भी करें।

बैठक में विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार,

एडीसी लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम नारनौंद विकास यादव, सीटीएम हिमांशु चौहान,

डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज व रविंद्र सांगवान, डीआरओ राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज,

सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा, सीएमजीजीए प्रतीक्षा, डीईओ महेंद्र श्योराण, डीईईओ

विनोद श्योराण, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी सहित समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और

विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर